शिक्षक दिवस: अपने टीचर को दीजिए यह गिफ्ट |
नई दिल्ली। टीचर्स डे का दिन स्कूली बच्चों के लिए खास होता है। अमूमन बच्चे इस दिन अपने शिक्षकों के प्रति आदर और सम्मान प्रकट करते हैं। हाल के दिनों में टीचर्स को गिफ्ट देने का चलन भी बढ़ा है। इस दौरान बच्चे असमंजस में होते हैं कि आखिर अपने शिक्षक को कैसे खुश करें। हम आपको यहां कुछ टिप्स दे रहे हैं जो आपको गिफ्ट चयन में मदद करेगा।
सबसे अधिक डिमांड
- पेन स्टैंड विद घड़ी
- शीशे के स्टैंड
- कोटेशन फ्रेम
- ट्रॉफी
- मोमेंटो
- स्टील कैलेंडर
- पेन सेट
- डायरी
- ग्लोब
- पेन होल्डर
- पर्स
- टीचर्स डे लिखा चॉलेट
- कोटेशन स्क्रॉल
- ग्रीटिंग कार्ड्स
- कॉफी मग
ऊपर के इन आइटम्स की मार्केट में सबसे अधिक डिमांड है। 150 रुपए से 600 रुपए रेंज में ये आसानी से उपलब्ध हैं। इस दौरान बाजार भी इन चीजों से पटा पड़ा है। छात्रों के अभिरुचि का ख्याल रखते हुए कई खास चीजें दुकानों में बिक्री के लिए सजाई गई हैं।
खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें :-7800292090
गिफ्ट के लिए कहां से लाएं पैसे?
अमूमन गिफ्ट के लिए बच्चे अपनी पॉकेट मनी से बचत करते हैं। ताकि शिक्षक दिवस पर अपने गुरु के लिए उपहार खरीद सकें। हालांकि औरों की देखादेखी कुछ बच्चे ऐसे भी हैं जो अलग से इसके लिए घर में रुपयों की मांग करते हैं। इस तरह अभिभावक पर अनुचित आर्थिक दबाव डालने से परहेज करें। अगर वाकई आप अपने शिक्षक का सम्मान करते हैं तो सेविंग से जमा रकम ही इसके लिए खर्च करें।
महंगे गिफ्ट्स से करें परहेज
बच्चे अक्सर ऐसी चीजों का चयन करते हैं जो काफी महंगी हों। उन्हें लगता है कि टीचर इसे पाकर खुश होंगे। जबकि ऐसा नहीं है, आपके गुरु बस आपकी भावनाएं देखते हैं। शिक्षक अमूमन इतने समझदार होते हैं की भेंट की गई वस्तु के मूल्य का आंकलन नहीं करते हैं। लिहाजा बाजार भाव के होड़ में कतई नहीं पड़ें। हां शिक्षक की व्यक्तिगत पसंद नापसंद का ख्याल जरूर रख सकते हैं।
शिक्षक के लिए सबसे पसंदीदा ये गिफ्ट
जब आप अपने शिक्षक के लिए उपहार का चुनाव करते हैं तो आपको ख्याल रखना होगा कि उनके लिए सबसे पसंदीदा क्या हो सकता है? आप सच्चे दिल से अगर अपने शिक्षक को एक फूल भेंट करते हैं तो ये उनके लिए काफी होगा। आपकी कोमल भावनाओं को आपके शिक्षक बखूबी परखते हैं। महंगे गिफ्ट्स कहीं न कहीं आपके शिक्षक को भावनात्मक तौर पर दबाव में डाल सकता है। लिहाजा अपने शिक्षक को धर्म संकट में कतई न डालें। अगर आप खुद से बनाए किसी चित्रात्मक गिफ्ट को तैयार करते हैं। तो इससे आपके शिक्षक सबसे अधिक गदगद होंगे। क्योंकि गिफ्ट के साथ उन्हें आपकी कलात्मकता का भी भान होगा। अगर आपने मन से गिफ्ट बनाया है तो हो सकता है प्रभावित होकर शिक्षक आपको शाबाशी भी दें।
बाजारवाद से बचने के लिए कुछ स्कूलों ने पॉलिसी भी बनाई है। जिसके तहत बच्चों को बाजार से खरीदे गिफ्ट्स शिक्षकों को देने से मना किया जाता है। इस तरह बच्चों में सबसे अधिक महंगे गिफ्ट खरीदने की होड़ नहीं लगती है। साथ ही अभिभावकों पर भी आर्थिक दबाव नहीं पड़ता है।